छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने साजा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू पर स्वेच्छानुदान राशि से रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। बैज ने कहा कि ईश्वर साहू ने अपने स्वेच्छानुदान राशि का बड़ा हिस्सा अपने, PSO और PA के रिश्तेदारों को बांट दिया।
दीपक बैज ने कहा कि स्वेच्छानुदान की राशि जरूरतमंदों की मदद के लिए होता है। विधायक जी तो बंदरबांट करने में लगे हैं। कहावत है न कि ‘माले मुफ्त दिले बेरहम।’
वहीं, सोशल मीडिया पर कांग्रेस ने एक लिस्ट जारी की है। आरोप है कि करीब 20 से ज्यादा नजदीकी रिश्तेदारों को 40 हजार, 30 हजार, 25 हजार और 20 हजार रुपए तक दिए गए हैं। इन आरोपों पर MLA ईश्वर साहू ने कहा कि मैं गरीब परिवार से हूं, विधायक बन गया हूं, इसलिए कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा। फिजूल बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस ने जारी की लिस्ट
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में एक लिस्ट जारी कर लिखा ‘भाई का… चाचा का… मामा का… सबका पैसा ले रहा ईश्वर साहू। चिलम-तंबाकू का डब्बा खोजने में व्यस्त विधायक ईश्वर साहू और उनके सुरक्षा में तैनात PSO ओम साहू का यह कारनामा देखिए। शासन की स्वेच्छानुदान राशि, जो जरूरतमंदों को मिलनी चाहिए, उसे परिवार में बांटकर खा गए’
कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा- ईश्वर साहू
ईश्वर साहू ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि ऐसा नहीं है, विरोधियों का काम है। जो भी अपना आवेदन लेकर आया, हमने सभी के आवेदन लिए। उस आधार पर स्वेच्छानुदान दिए जाने वालों की लिस्ट बनाई। अभी तक 2 हजार लोगों का नाम भेजा गया है। इनमें 500-700 लोगों को राशि दी जा चुकी है।
विधायक ने कहा कि मैं गरीब परिवार से हूं, विधायक बन गया हूं, इसलिए कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा। फिजूल बदनाम करने की कोशिश कर रहे। उनके मंत्री-नेता जेल में है। उन्हें खुद आइना देखना चाहिए।
जानिए कौन हैं विधायक ईश्वर साहू
सांप्रदायिक हिंसा और धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर भाजपा कांग्रेस को घेरती रही है। ईश्वर साहू का बेटा बिरनपुर सांप्रदायिक हिंसा में मारा गया था। 2023 विधानसभा चुनाव में इसे देखते हुए ही बीजेपी ने ईश्वर साहू को टिकट दिया था। ईश्वर साहू ने 7 बार के विधायक और भूपेश सरकार में कृषि मंत्री रविंद्र चौबे को हरा दिया था।