सूरजपुर जिले में भालू ने एक युवक का मुंह नोच लिया। हमले में युवक के चेहरे का आधा हिस्सा उखड़ गया

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले में भालू ने एक युवक का मुंह नोच लिया। हमले में युवक के चेहरे का आधा हिस्सा उखड़ गया। तमोर पिंगला अभ्यारण्य में रमकोला गांव के रामफल (40) जंगल में किसी काम से गए थे। तभी उनका भालू और उसके शावकों से सामना हो गया।

मामला पिंगला रेंज का है। इससे पहले की रामफल वहां से भाग पाते भालू ने उन्हें नोच डाला। जंगल में ही वे बुरी तरह जख्मी हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने जब उन्हें गंभीर हालत में देखा तो तुरंत उपस्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत नाजुक होने पर उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया है।

हालत नाजुक होने पर रायपुर रेफर

प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका इलाज अम्बिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था। उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।

जंगल में गश्त बढ़ाने की मांग

तमोर पिंगला अभ्यारण्य, जो तकरीबन 608.52 वर्ग किलोमीटर में फैला है और भालू, तेंदुआ, सांभर, हाथी सहित अन्य वन्य जीवों का निवास स्थान है। यहां ग्रामीणों को जानवरों का डर बना रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में वन्य जीवों का आना-जाना आम हो गया है, उन्होंने वन विभाग से जंगल में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

ग्रामीणों में दहशत

इस घटना के बाद रमकोला और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदूपत्ता संग्रहण और अन्य कार्यों के लिए जंगल पर उनकी आजीविका निर्भर है, लेकिन ऐसी घटनाएं उनकी जान जोखिम में डाल रही हैं।