राजनांदगांव जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesराजनांदगांव जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक पल्सर मोटरसाइकिल सवार युवक को गिरफ्तार किया, जो भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा था। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी क्रम में 27 जनवरी को थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू को मुखबिर से सूचना मिली।

मुखबिर ने बताया कि एक व्यक्ति पल्सर मोटरसाइकिल (CG-08 F 2305) में अवैध शराब छिपाकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक से पेंड्री की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी को धर दबोचा।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में 39 पौवा जम्मू स्पेशल और 09 पौवा गोवा व्हिस्की शामिल है, जिसकी कुल मात्रा 8.640 बल्क लीटर है।

इसके साथ ही, शराब तस्करी में प्रयुक्त पल्सर 150 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50,000 रुपये) भी जब्त की गई। कुल मशरूका की कीमत लगभग 55,760 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल नगर लखोली निवासी नरेंद्र यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई है। जब उससे शराब परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश करने में असमर्थ रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस सफल कार्रवाई में लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश साहू, सउनि ईश्वर प्रसाद यादव, सउनि शोभाराम बेरवंशी, आरक्षक कमलकिशोर यादव, आरक्षक संतोष श्रीवास्तव, आरक्षक भवानी प्रसाद और आरक्षक तामेश्वर वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version