
बजट सत्र में कांग्रेस विधायक विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछकर सरकार के मंत्रियों को घेरेंगे। विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।
राज्यपाल पहले दिन करेंगे संबोधित
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका विधानसभा को संबोधित करेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत मानी जाएगी। अभिभाषण के दौरान राज्यपाल सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और आने वाले समय की प्राथमिकताओं को सदन के सामने रखेंगे।
योजनाओं–जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी
बजट सत्र में राज्य सरकार वित्तीय वर्ष के लिए आय-व्यय का पूरा ब्यौरा पेश करेगी। बजट पेश होने के बाद सदन में विभिन्न विभागों के खर्च, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, सड़क, बिजली-पानी जैसे विषयों पर भी सदन में बहस होने की संभावना है।
इस सत्र में नए विधेयक भी पेश किए जा सकते हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर अनुपूरक बजट पर भी विचार किया जा सकता है। माना जा रहा है कि बजट सत्र के दौरान कई अहम मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिलेगी।
राजनीतिक दल बना रहे रणनीति
बजट सत्र को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विपक्ष एक ओर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है, वहीं सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियों और आगामी योजनाओं को मजबूती से सदन में रखने की तैयारी में है। कुल मिलाकर बजट सत्र के दौरान राज्य की आर्थिक दिशा और विकास प्राथमिकताओं को लेकर सदन में अहम फैसले और चर्चा होने वाली है।