
आत्मानंद स्कूल में अश्लील डांस का वीडियो वायरल होते ही जिला शिक्षा विभाग एक्शन मोड पर है। DEO मनीराम यादव ने प्रिंसिपल बसंत गुप्ता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। डीईओ ने कहा कि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कार्रवाई की जाएगी।
वहीं वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों ने आपत्ति जताई है। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा है कि, अश्लील गाना भी कला है। मंत्रीजी की प्रेरणा के बाद ये लाइव डेमो है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर स्वामी आत्मानंद स्कूल में गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद स्कूल में लहरिया लूटा ए राजा गाना बजाया गया।
परिजनों के सामने ही स्कूल के छात्र गाने पर स्टेज पर चढ़कर डांस करने लगे, जबकि लड़कियां स्कूल के आंगन में डांस कर रही थीं। छात्र-छात्राओं के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
मंत्री पर तंज, अश्लील नृत्य को बताया था कला
वहीं सोशल मीडिया पर स्कूली छात्र-छात्राओं का डांस पोस्ट करते हुए खैरवार/ खरवार आदिवासी विकास परिषद छग के प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह खैरवार ने लिखा है कि, राम नाम नहीं, अश्लील गाना भी कला है। मंत्रीजी से प्रेरित होकर लाइव डेमो दिया गया है।
यह मंत्री रामविचार नेताम का गृह क्षेत्र है। मंत्री नेताम ने सूरजपुर में अश्लील डांस के वायरल वीडियो को कला बताया था। लोगों ने वीडियो पर पोस्ट कर मंत्री के बयान को घेरकर अश्लील गाने पर डांस को कला बताया है।