सरगुजा पुलिस ने धर्मांतरण कराने के आरोप में रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesसरगुजा पुलिस ने धर्मांतरण कराने के आरोप में रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार किया है। ओमेगा टोप्पो के घर पर करीब एक साल से हर रविवार चंगाई सभा होती थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग आते थे।

हिंदू संगठनों ने इस सभा के जरिए धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया और विरोध किया। इसके बाद पुलिस ओमेगा टोप्पो के घर पहुंची और कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो के नमनाकला स्थित घर में 26 जनवरी को चंगाई सभा होने की खबर मिली। इसके बाद हिंदू संगठनों से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे।

सभा में करीब 50 से 60 लोग शामिल हुए थे। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि इस सभा में कम से कम चार-पांच लोगों का धर्मांतरण करने की कोशिश की जा रही थी, जो हिंदू धर्म के हैं।

पुलिस टीम को रोका, दर्ज हुई FIR

हिंदू संगठनों से जुड़े लोग जब ओमेगा टोप्पो के घर पहुंचे, तो वहां गाड़ियों की लाइन लगी थी और कथित प्रार्थना सभा में करीब 50 से 60 लोग शामिल थे।

सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। ओमेगा टोप्पो ने पुलिस से उनका पहचान पत्र और कार्रवाई करने के लिए जरूरी आदेश की कॉपी मांगी। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी पुलिस से कहा कि वे प्रार्थना सभा के अंदर नहीं जा सकते और सभा खत्म होने के बाद ही लोगों से बात कर सकते हैं।

आयोजकों ने एक रजिस्टर भी पुलिस को दिखाया जिसमें चंगाई सभा में आने वालों के नाम लिखे थे और हस्ताक्षर थे। पुलिस ने रजिस्टर को जब्त किया। जांच में पता चला कि प्रत्येक रविवार को यहां चंगाई सभा में बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। आयोजन की कभी भी अनुमति नहीं ली गई।

मामले में हिंदू संगठनों से जुड़े रोशन तिवारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 270, 299 बी. एन. एस. एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्रय अधिनियम की धारा 5 (क) के तहत ओमेगा टोप्पो और अन्य के खिलाफ जुर्म दर्ज किया था।

फरार हो गई थी रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर, गिरफ्तार

गांधीनगर पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए ओमेगा टोप्पो को थाने बुलाया था। वह थाने से निकली और फरार हो गई थी। पुलिस को उसके घर वापस लौटने की जानकारी मिली तो पुलिस ने दबिश देकर ओमेगा टोप्पो (66 वर्ष) को गिरफ्तार किया।

गांधीनगर थाना प्रभारी गांधीनगर प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपी ओमेगा टोप्पो को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।