
घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है माजदा सवार सभी बारात से लौट रहे थे। तभी छाल रोड पर हादसा हुआ। ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, बाकी लोगों को सामान्य चोट आई है। वहीं, हाईवा ड्राइवर पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगा है।
बारात से लौट रहे थे
जानकारी के मुताबिक मंगलवार (27 जनवरी) को ग्राम अयोध्यापुरी कोरबा से गांव के पौलुस सोरेंग की बारात माजदा वाहन में सवार होकर कई लोग सीमडेगा झारखंड गए थे।
कोरबा जमनीपाली दर्री का रहने वाला मनोज मिंज माजदा चला रहा था। सामने निर्मल मिंज, जोसेफ सोरेंग व वालटन बैठे थे। वहीं वाहन के पीछे रोशन खाखा, सुमित मिंज, अनिकेत खाखा व अन्य लोग सवार थे।
लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप
शादी खत्म होने के बाद बुधवार (28 जनवरी) की रात को तकरीबन साढ़े 8 बजे सभी कोरबा वापस अपने घर आने के लिए निकले थे।
तभी जब माजदा वाहन घरघोड़ा के बैहामुड़ा के आगे छाल रोड मेन रोड पर पहुंची, तो सामने की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाईवा के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जबरदस्त ठोकर मार दी।
माजदा चालक की मौके पर मौत
इससे चालक मनोज मिंज गंभीर रूप से जख्मी हो गया और मौके पर उसकी मौत हो गई। साथ ही निर्मल मिंज, जोसेफ सोरेंग व वालटन मामूली रूप से घायल हुए थे।
हाईवा की टक्कर से माजदा वाहन के सामने का हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई, तो वे मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना घरघोड़ा पुलिस को दी गई।
घायलो को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया
पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और शव को गाड़ी से बाहर निकाल कर उसका पंचनामा किया गया। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम और मामूली रूप से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया गया। फिलहाल घटना में पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।