सूरजपुर जिले में 1 करोड़ 66 लाख का धान और 14 लाख रुपये का बारदाना बोरा गायब मिलने के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है।
प्रेमनगर ब्लॉक के उमेश्वरपुर समिति के भौतिक सत्यापन के दौरान धान और बारदाने गायब मिले थे, जिसे लेकर समिति प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया था।
मामले में सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक ठाकुर सिंह मरावी के खिलाफ ने प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
अचानक निरीक्षण पर पहुंचे थे प्रबंधक
जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के सलका के ग्राम उमेश्वरपुर में स्थित उपार्जन केंद्र का 9 जनवरी को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा प्रेमनगर के शाखा प्रबंधक ओमदत्त दुबे ने अचानक निरीक्षण किया था।
इस दौरान उपार्जन केंद्र में भौतिक सत्यापन के दौरान 7 हजार 36 क्विंटल धान कम पाया गया। इस दौरान गायब धान की कीमत 1 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपए है। साथ ही समिति से 17 हजार 591 बारदाना गायब मिला, जिसकी कीमत 13 लाख 99 हजार रुपये से अधिक है।
नोटिस का नहीं मिला जवाब, FIR दर्ज
इस घटना के बाद सहायक समिति प्रबंधक ठाकुर सिंह मरावी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। समिति प्रबंधक ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। शाखा प्रबंधक ने मामले की शिकायत प्रेमनगर थाने में की थी।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मामले में आरोपी सहायक समिति प्रबंधक ठाकुर सिंह मरावी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5), 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
समितियों, राइस मिल से गायब मिला करोड़ों का धान
सूरजपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान समितियों एवं राइस मिल के सत्यापन में 7 करोड़ रुपये से अधिक का धान गायब मिला है।
मामले में अन्य समितियों के प्रबंधकों, कंप्यूटर आपरेटरों एवं राइस मिल संचालकों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज हो सकती है।