छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 5 जगहों पर चक्काजाम किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 5 जगहों पर चक्काजाम किया। यह प्रदर्शन धान खरीदी में कथित गड़बड़ी और टोकन जारी करने में अनियमितताओं के आरोप को लेकर किया गया। प्रदर्शन के कारण सड़कों पर आधे घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा।

कांग्रेसियों ने मांग की है कि सरकार किसानों का एक-एक दाना धान खरीदे और अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धान खरीदने में विफल रही है, जिससे कई किसान अपनी उपज बेचने से वंचित रह गए हैं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। भखारा ब्लॉक अध्यक्ष होमेंद्र साहू ने बताया कि यह सांकेतिक चक्काजाम और धरना प्रदर्शन धान खरीदी की तिथि बढ़ाने और मनरेगा बचाव संग्राम के विरोध में किया गया है।

होमेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि प्रत्येक सोसायटी में 50 से अधिक किसानों को धान खरीदी के लिए टोकन नहीं मिल पाया है।

धान खरीदी टोकन में गड़बड़ी का दावा

वहीं, जिला अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि धान खरीदी टोकन में लगातार गड़बड़ी सामने आ रही है और किसानों को रकबा समर्पण करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि धान खरीदी के लिए केवल एक दिन शेष है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को चोर साबित करने की कोशिश कर रही है और भौतिक सत्यापन के नाम पर उनका धान नहीं खरीदना चाहती है।

कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप

इस बीच धान खरीदी की तिथि बढ़ाने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री अरुण साहू ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने धान खरीदी से पहले यह भ्रम फैलाने का काम किया था कि सरकार धान खरीदने के लिए तैयार नहीं है।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी किसानों को टोकन जारी किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बयान का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने किसानों का नियमानुसार एक-एक दाना धान खरीदा है और इसके लिए टोकन भी जारी किए गए थे।