छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा बचाने और धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा बचाने और धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जामगांव के कोलाईबहाल मंडी के पास मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर नारे लगाए गए। साथ ही महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुष्क दिवस घोषित नहीं किए जाने का विरोध करते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के नेता महात्मा गांधी चौक पहुंचे। वहां उन्होंने गांधी जी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इसके बाद प्रदेश सरकार की ओर से महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुष्क दिवस घोषित नहीं किए जाने के विरोध में कांग्रेस नेता सिग्नल चौक स्थित शराब दुकान के सामने पहुंचे और नारेबाजी की। फिर सभी कलेक्ट्रेट गए।

राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

कलेक्ट्रेट में उन्होंने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि भाजपा सरकार शराब से कमाई के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस 30 जनवरी का भी सम्मान नहीं कर रही है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि आजादी के बाद से गांधी जी की पुण्यतिथि पर शुष्क दिवस मनाया जाता रहा है और शराब बिक्री पर रोक रहती थी, लेकिन इस बार सरकार ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया।

उन्होंने इसे निंदनीय बताया और राज्यपाल से मांग की कि इस दिन शराब बिक्री और अन्य गलत गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाने के निर्देश सरकार को दिए जाएं।

चक्काजाम कर जमकर किए नारेबाजी इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता कोलाईबहाल मंडी के पास पहुंचे। वहां उन्होंने सड़क पर बैठकर चक्काजाम किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान अभी पूरा धान नहीं बेच पाए हैं, जिससे उन्हें नुकसान होगा।

वहीं, प्रदर्शनकारियों ने धान खरीदी की तारीख आगे बढ़ाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। चक्काजाम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर शाखा यादव, ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, महामंत्री विकास ठेठवार, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, नेता प्रतिपक्ष निगम सलीम नियरिया, वसीम खान, रानी चौहान, रंजना पटेल सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।

Exit mobile version