मनेंद्रगढ़ में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकानें खुली रहने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesमनेंद्रगढ़ में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकानें खुली रहने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने शहर की शराब दुकान के सामने एकत्र होकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और नियमों में तत्काल बदलाव की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बापू के सिद्धांतों और आदर्शों के विपरीत ऐसे पावन दिन पर शराब दुकान का खुला रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे महात्मा गांधी के विचारों और जनभावनाओं का अपमान बताया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवेदनशील मुद्दों पर असंवेदनशील रवैया अपना रही है।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकानों को बंद रखने का स्पष्ट प्रावधान किया जाए। वक्ताओं ने यह भी कहा कि समाज में बढ़ती नशाखोरी युवाओं और परिवारों के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है, लेकिन सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाने में विफल रही है।

उग्र आंदोलन की चेतावनी दी

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार की ओर से नियमों में बदलाव नहीं किया गया, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा। आगामी दिनों में ज्ञापन सौंपने से लेकर व्यापक जनआंदोलन तक की रणनीति अपनाई जाएगी।

इससे पहले ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के नेतृत्व में गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राष्ट्रपिता के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।