कांकेर में शनिवार देर शाम यात्री बस और बाइक की टक्कर में पिता-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पंडरीपानी इलाके में हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 7 बजे गौरवपथ पर पंडरीपानी के पास हुआ है। दुधावा की ओर से आ रही बस और सामने से आ रही बाइक आपस में टकरा गईं। बाइक पर पिता मुकेश, पुत्र खिलेश और उनकी दो छोटी बेटी लीशा मंडावी और दुर्गेश्वरी मंडावी सवार थीं।
एक बाइक पर सवार थे 4 लोग
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता और पुत्र ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर चार लोग सवार थे। सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने नियंत्रण खोते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बस ड्राइवर हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, घायल बेटियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।