राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना इलाके में रहने वाली एक युवती के घर में उसके पूर्व प्रेमी ने जबरन घुसकर हंगामा किया। उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसका चंगोरा भाठा निवासी रितेश सिंह के साथ करीब तीन साल पहले प्रेम संबंध था। बाद में निजी कारणों से उसने उससे संपर्क पूरी तरह खत्म कर दिया था।
रात में घर पहुंचा आरोपी
युवती के अनुसार, 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे रितेश उसके घर पहुंचा और जोर-जोर से दरवाजा खटखटाने लगा। दरवाजा खुलते ही वह जबरन घर में घुस गया और गाली-गलौच शुरू कर दी।आरोपी ने युवती पर शादी के लिए दबाव बनाया और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। यह सब परिवार के सदस्यों के सामने हुआ।
अगले दिन दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद युवती ने अपनी बड़ी बहन को इसकी जानकारी दी। रात अधिक होने के कारण वह उसी समय थाने नहीं जा सकी। 31 जनवरी 2026 को उसने डीडी नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
डीडी नगर पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।