
दरअसल, बजरंग दल से जुड़े नेता और कार्यकर्ताओं को रविवार को जानकारी मिली कि, सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित एक मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। यहां हिंदुओं को बुलाकर प्रलोभन देकर और उनकी बीमारी ठीक करने का दावा किया जा रहा है।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दी सूचना
बजरंग दल के जिला संयोजक गौरव धनकर और कार्यकर्ताओं ने इस मामले की जानकारी सरकंडा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूछताछ की, तब पता चला कि रॉयल पैलेस के पीछे रहने वाले जेम्स सिंह के मकान में प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी।
आरोप है कि, यहां हिंदू समुदाय के लोगों को प्रलोभन देकर और डराकर धमकार ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इस मामले में बजरंग दल के जिला संयोजक गौरव धनकर ने पुलिस से शिकायत की। जिस पर पुलिस ने बिना अनुमति प्रार्थना सभा करने को लेकर केस दर्ज किया है।
आवासीय इलाके में नियमों का उल्लंघन
शिकायत में यह भी बताया गया है कि, आवासीय इलाके में स्थित मकान का इस तरह इस्तेमाल करना नियमों का उल्लंघन है। आरोप है कि, सामूहिक प्रार्थना के बहाने लोगों को हिंदू धर्म के खिलाफ भड़काया जा रहा था। धर्मांतरण की गतिविधियां चलाई जा रही थीं।
ईसाई बोले- क्या भागवत कराने पर ली जाती है अनुमति ?
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जब प्राइवेट मकान में प्रार्थना सभा आयोजित करने पर विरोध जताया और कहा कि क्या इसके लिए पुलिस को सूचना दी गई है या पुलिस से विधिवत अनुमति ली गई है। तब ईसाई समुदाय से जुड़े लोगों का कहना था कि, जब किसी हिंदू के घर में पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठान्न या भागवत होता है तो क्या पुलिस से अनुमति ली जाती है।
इस पर बजरंग दल के लोगों ने कहा कि, हिंदुओं के आयोजन में किसी दूसरे समुदाय के लोगों को नहीं बुलाया जाता। यहां तो केवल हिंदुओं को बुलाया गया है।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
इस मामले में सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि, बजरंग दल के पदाधिकारी की शिकायत पर बिना अनुमति प्राइवेट मकान में प्रार्थना सभा आयोजित कर हिंदुओं को बुलाकर धर्म परिवर्तन करने के लिए उनका ब्रेनवॉश किया जा रहा है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। अब आगे की जांच की जाएगी।