
अंबिकापुर के विजय चौधरी का 12 वर्षीय बेटा प्रतापपुर चौक पर संचालित होली होम एकेडमी में कक्षा 6वीं का छात्र है। 29 जनवरी को वो स्कूल गया था। स्कूल में पढ़ाई को लेकर टीचर ने छात्र की डंडों से जमकर पिटाई कर दी। बच्चा वापस घर पहुंचा तो उसके पैर पर जगह-जगह डंडे मारने से खून जम गया था। परिजन छात्र को लेकर अस्पताल पहुंचे और उसका इलाज कराया।
शिकायत मिलने पर जांच के आदेश
इस मामले की शिकायत छात्र के पिता विजय चौधरी ने सरगुजा डीईओ से की है। उन्होंने छात्रों के पैरों में पड़े डंडे मारने के निशान के फोटो और मेडिकल रिपोर्ट भी शिकायत के साथ पेश किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने दिनेश झा ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई है। टीम में हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल मीना पुरोहित, हायर सेकेंडरी स्कूल सरगवां के प्रिंसिपल संजीव कुमार सिंह और सकालो हाई स्कूल की प्रिंसिपल अनिता दान शामिल हैं। डीईओ ने जांच टीम को तत्काल स्कूल पहुंचकर छात्र और परिजनों से मिलकर जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई- DEO
इस मामले में डीईओ दिनेश झा ने कहा कि, छात्र से मारपीट की शिकायत की गई थी। इसकी जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।