बलरामपुर में सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। सरिया से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अधौरा निवासी सागर कोड़ाकू (30) ट्रैक्टर से सरिया लेकर कॉलेज के निर्माणाधीन स्थल की ओर जा रहे थे। ऑफिसर्स क्लब के पास सड़क किनारे स्थित एक तालाब के पास उनका ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया।
ट्रैक्टर सड़क से फिसलकर तालाब में जा गिरा और पलट गया। हादसे के दौरान चालक सागर कोड़ाकू ट्रैक्टर के नीचे दब गए और पानी में डूबने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।