छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर चल रहे दबाव और किसानों की मांग के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा फैसला लिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर चल रहे दबाव और किसानों की मांग के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा फैसला लिया है। अब किसान 5 और 6 फरवरी को धान बेच पाएंगे। यह फैसला उन किसानों के हित में लिया गया है, जो किसी कारण से तय समय में धान नहीं बेच पाए थे।

इस तरह सरकार ने 2 दिन धान खरीदी की तारीख बढ़ा दी है। जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीएम साय का अभार जताया है। दरअसल, मंगलवार को भूपेश बघेल ने सीएम को पत्र लिखकर धान खरीदी की समय बढ़ाने की मांग की थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि, किसानों से धान का एक-एक दाना खरीदा जाना चाहिए।

इन किसानों को मिलेगा अतिरिक्त मौका

  • वे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक उनका सत्यापन नहीं हो पाया है।
  • वे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी के बाद आवेदन किया और सत्यापन के दौरान उनके पास धान पाया गया है।
  • वे किसान, जिन्हें 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को टोकन मिला था, लेकिन किसी कारण से तय तारीख पर धान विक्रय नहीं कर सके।

खरीदी केंद्रों पर पूरी तैयारी के निर्देश

किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारदाना (बोरियां) की पर्याप्त व्यवस्था हो, हमालों की संख्या पर्याप्त रखी जाए खरीदी प्रक्रिया सुचारु और समय पर पूरी हो।

किसानों के हित में सरकार का फैसला

राज्य सरकार का कहना है कि, यह निर्णय किसानों की उपज का सुरक्षित और निर्बाध विक्रय सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार आवश्यक कदम उठा रही है। सरकार के इस फैसले से उन किसानों को राहत मिलेगी, जो तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से अब तक धान नहीं बेच पाए थे।

Exit mobile version