मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने विवाद शांत कराने पहुंचे अपने दोस्त की धारदार हंसिया से वार कर हत्या कर दी थी। यह घटना मोहला थाना क्षेत्र में हुई।
घटना 1 फरवरी 2026 की रात लगभग 8:10 बजे की है। ग्राम विजयपुर निवासी प्रवीण कुमार भुआर्य अपने मित्र विमल मंडावी के साथ एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने विजय सलामें और लोमश मंडावी के बीच विवाद होते देखा।
प्रवीण और विमल ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और लोमश मंडावी को उसके घर छोड़ने चले गए। घर पहुंचने के बाद विवाद शांत होने के बजाय लोमश मंडावी गुस्से में घर के भीतर से सब्जी काटने वाला धारदार हंसिया निकाल लाया।
पेट और हाथ की उंगलियों में गंभीर चोटें आईं
उसने प्रवीण कुमार से फिर विवाद शुरू कर दिया और अचानक उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में प्रवीण के पेट और हाथ की उंगलियों में गंभीर चोटें आईं। घायल प्रवीण को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मोहला ले जाया गया।
इलाज के दौरान मौत
लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शिकायतकर्ता धीरज कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 2 फरवरी को आरोपी लोमश मंडावी (24 वर्ष) को हिरासत में ले लिया।
न्यायिक रिमांड पर आरोपी जेल
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया खून से सना हंसिया बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।