गौरेला थाना क्षेत्र के केंवची गांव में चरित्र शंका को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह घटना केंवची गांव के बैगापारा की है। आरोपी राजेश बैगा अपनी पत्नी कुसुम कली बैगा के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर बीती रात दोनों के बीच विवाद हुआ।
विवाद बढ़ने पर राजेश बैगा ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना सुबह गौरेला पुलिस को मिली। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए।
गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी पति राजेश बैगा को हिरासत में ले लिया गया है। गौरेला पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है।