अंबिकापुर के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित हनुमान मंदिर के दान पेटी से बुधवार रात चोरी हुई

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित हनुमान मंदिर के दान पेटी से बुधवार रात चोरी हुई है। मंदिर परिसर में घुसकर पैसों की चोरी करते 3 नकाबपोश CCTV कैमरों में कैद हो गए। मंदिर के पुजारी ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। जहां चोरी हुई, वहां कलेक्टर औऱ एसपी दफ्तर संचालित है। चोरों ने कलेक्टर परिसर के बाहर एक पान ठेले में भी चोरी की है।

जानकारी के मुताबिक, चोरों ने मंदिर के बाहर रखे दानपेटी के पास लगे ग्रेनाइट को हटाया। स्क्रू खोलकर दानपेटी के अंदर हाथ डाला और पैसे निकाल लिए। महज 15 मिनट में चोरी कर आरोपी भाग गए। चोरी की जानकारी सुबह मंदिर के पुजारी दिनेश तिवारी के मंदिर पहुंचने पर मिली।

CCTV में कैद हुए आरोपी, दर्ज कराई शिकायत

मंदिर में चोरी की घटना CCTV में कैद हो गई है। मंदिर में लगे सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि, तीन नकाबपोश सुबह 4 बजे मंदिर परिसर में घुसे। करीब 15 मिनट में दानपेटी से पैसे निकालकर तीनों फरार हो गए। दानपेटी से कितनी राशि की चोरी हुई है, यह पता नहीं चल सका है।

कलेक्टर परिसर में मंदिर का निर्माण पूर्व कलेक्टर विलास भोस्कर ने कराया था। इसके संचालन के लिए समिति बनी है। दानपेटी हर महीने खोला जाता है। समिति के कोषाध्यक्ष गिरीश गुप्ता इसकी देखरेख करते हैं। बताया गया है कि कुछ दिनों पूर्व ही मंदिर की दानपेटी खोली गई थी। इस कारण दानपेटी में चोरों को तीन से 4 हजार रुपए मिलने का अनुमान है।

कलेक्टर परिसर में सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। यहां गार्ड भी नहीं हैं। इस कारण चोर आसानी से परिसर में प्रवेश कर गए। मंदिर के पुजारी दिनेश तिवारी ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पान ठेले में भी चोरी

मंदिर परिसर में चोरी से पहले तीनों नकाबपोशों ने सिविल कोर्ट के पीछे संचालित पान ठेले में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज से अंदाजा लगाया जा रहा है कि, तीनों नशेड़ी किस्म के हैं। सीसीटीवी फुटेज से तीनों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।