बलौदाबाजार के कसडोल स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में शनिवार को विदाई पार्टी के बाद 11वीं और 12वीं के छात्रों ने कारों से स्टंट किए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र चलती कार की खिड़की से बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टंट के दौरान सड़क पर आवागमन बाधित हुआ, लेकिन मौके पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। बताया जा रहा कि स्टंट करने वाले कई छात्र नाबालिग हैं। साथ ही उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि स्कूल से जुड़े आयोजनों में इस तरह की अनुशासनहीनता गंभीर चिंता का विषय है। हाल के दिनों में स्कूल आयोजनों के दौरान लगातार गंभीर घटनाएं सामने आई हैं।
भाटापारा के एक स्कूल में वार्षिक उत्सव के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई थी। वहीं ग्राम खैरा के एक स्कूल में वार्षिक उत्सव के दौरान छात्र पर एयरगन से फायरिंग का मामला भी दर्ज हुआ था। इन घटनाओं ने स्कूल आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सख्त कार्रवाई और दिशा-निर्देश की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में स्कूल आयोजनों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए जाएं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल इस मामले में पुलिस या शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।