केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा कल से शुरू होगा

Chhattisgarh Crimesकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा कल से शुरू होगा। वे 7 से 9 फरवरी तक राज्य में रहेंगे।

इस दौरान आंतरिक सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद (LWE) की स्थिति, विकास कार्यों की समीक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 7 फरवरी की शाम करीब 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे।

रायपुर एयरपोर्ट से सीधे वे शहर स्थित अपने प्रवास स्थल जाएंगे। रात करीब 8 बजे वे राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।

इस बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा चुनौतियों और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

नक्सल अभियान की समीक्षा बैठक

8 फरवरी को अमित शाह वामपंथी उग्रवाद को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इस बैठक में केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य शासन के शीर्ष अफसर, पुलिस महानिदेशक, CRPF, BSF, ITBP और अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के अधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रहे ऑपरेशनों, सुरक्षा बलों की रणनीति, इंटेलिजेंस इनपुट और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही नक्सलवाद के खिलाफ आगे की रणनीति पर भी मंथन होगा।

गृह मंत्री शाह राज्य सरकार के साथ विकासात्मक योजनाओं और केंद्र प्रायोजित कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा कर सकते हैं।

माना जा रहा है कि बस्तर और अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, संचार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

9 फरवरी को पहुचेंगे बस्तर

9 फरवरी को अमित शाह बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर पहुंचेंगे। यहां वे बस्तर पंडूम महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

यह आयोजन बस्तर की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोककला को समर्पित है। कार्यक्रम के बाद वे जगदलपुर से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

अमित शाह का यह दौरा सुरक्षा और विकास, दोनों दृष्टि से राज्य के लिए अहम माना जा रहा है।

Exit mobile version