मध्यप्रदेश के बड़वानी से अवैध हथियार छत्तीसगढ़ तक सप्लाई किए जा रहे थे

Chhattisgarh Crimesमध्यप्रदेश के बड़वानी से अवैध हथियार छत्तीसगढ़ तक सप्लाई किए जा रहे थे। इसका खुलासा बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई में हुआ है। पुलिस ने 3 फरवरी को शहर के मिनी बस्ती निवासी आदतन बदमाश स्वराज कुर्रे (20) के घर रेड मारी थी। तलाशी के दौरान उसके मोबाइल से पिस्टल से फायरिंग का वीडियो बरामद हुआ, जिसे हथियार बेचने के लिए डेमो के तौर पर इस्तेमाल किया गया था।

रेड के दौरान पुलिस ने स्वराज के घर से 2 पिस्टल, 4 मैगजीन, 20 जिंदा कारतूस और 1100 प्रतिबंधित नशीले टेबलेट जब्त किए। पूछताछ में आरोपी ने भोपाल के सप्लायर धीरेंद्र सिंह तोमर (37) और बड़वानी में अवैध हथियार निर्माण से जुड़े कारखाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने सप्लायर और बिलासपुर के खरीददार को गिरफ्तार किया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा घटनाक्रम

पुलिस के मुताबिक, स्वराज कुर्रे (20) हिस्ट्रीशीटर है, वह पहले भी नशे और अवैध हथियार के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने चैकिंग के दौरान जरहाभाठा मिनी बस्ती में उसके घर अचानक दबिश दी थी जहां से हथियार बरामद हुए हैं।

आरोपी ने पूछताछ में भोपाल के सप्लायर धीरेंद्र सिंह तोमर (37) का नाम बताया था, जिसने उसे 4 पिस्टल दिया था। जांच में सामने आया है कि बड़वानी से छत्तीसगढ़ सहित देश के अलग-अलग राज्यों तक हथियारों के सप्लाई होते हैं। इस पूरे कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस ने विशेष टीम बनाई।

जिसके बाद बिलासपुर पुलिस की टीम बड़वानी पहुंची। जंगल के अंदर करीब 20 किलोमीटर अंदर अवैध हथियार निर्माण का कारखाना मिला, जहां छोटे-छोटे पिस्टल बनाए जा रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सरगना फरार हो गया था। हालांकि भोपाल के अवैधपुरी स्थित आईडियल सिटी से सप्लायर तोमर पकड़ा गया।

आरोपी के कब्जे से चार पिस्टल बरामद

पुलिस के मुताबिक, 2 साल पहले डकैती के मामले में स्वराज और उसके साथियों से 3 पिस्टल जब्त की गई थीं। वहीं चौथी पिस्टल 30 जनवरी को स्वराज की स्कूटी से बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने स्वराज से सप्लाई की गई चारों पिस्टल बरामद कर ली है। साथ ही प्रतिबंधित नशीली टेबलेट भी जब्त की गई है।