छत्तीसगढ़ में जगदलपुर ACB की टीम ने कोंडागांव के BEO कार्यालय के बाबू सतीश सोढ़ी को रिटायर्ड टीचर से 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में जगदलपुर ACB की टीम ने कोंडागांव के BEO कार्यालय के बाबू सतीश सोढ़ी को रिटायर्ड टीचर से 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। क्लर्क ने रिटायर्ड टीचर से पेंशन प्रकरण को निपटाने के एवज में 40 हजार रुपए रिश्वत मांगा था।

रिटायर्ड टीचर ने इसकी शिकायत ACB जगदलपुर से की थी। ACB की टीम ने शुक्रवार BEO कार्यालय के बाबू को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, मिडिल स्कूल सरपंच पारा, राणापाल टीचर के पद पर पदस्थ रहे सोनसिंह यादव 31 दिसंबर 2025 को रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने अपनी पेंशन शुरू कराने के लिए जरूरी कागजात बनवाने की प्रक्रिया शुरू की। लेकिन पेंशन शुरू करवाने के लिए लगातार BEO कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे।

इसी दौरान BEO ऑफिस में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी ने पेंशन प्रकरण तैयार कर आगे भेजने के बदले सोनसिंह यादव से 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की।

शिकायत के बाद एसीबी ने की कार्रवाई

रिश्वत की इस मांग से परेशान होकर सोनसिंह यादव ने एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने क्लर्क ​को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। इसके बाद छापेमार कार्रवाई करते हुए सतीश सोढ़ी को मौके पर ही 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद बाबू को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मामले में शिकायतकर्ता सोनसिंह यादव और ACB जगदलपुर के उप पुलिस अधीक्षक रमेश मरकाम ने जानकारी दी है।गौरतलब है कि BEO कार्यालय में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इसी कार्यालय में ACB द्वारा दो बार छापेमार कार्रवाई की जा चुकी है। पूर्व में क्लर्क पंचम लाल देवांगन और जयंती देवांगन पर भी रिश्वतखोरी के आरोप में कार्रवाई हो चुकी है।