छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस पर हमला कर जान से मारने की कोशिश करने वाले दो इंटर स्टेट गांजा तस्करों को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। इन तस्करों ने 14 दिन पहले सांकरा थाना क्षेत्र में पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने से उसमें आग लगा गई थी, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे थे।
एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि 23 जनवरी, 2026 को सांकरा पुलिस को मारुति सुजुकी ईको (MP 05 ZE 8685) में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर सांकरा नेशनल हाईवे 53 पर पुलिस टीम तैनात की गई। जब संदिग्ध ईको वैन को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश की।
गांजा तस्करों की वैन ने पुलिस कार को मारी टक्कर
पुलिसकर्मियों की सतर्कता से उनकी जान बच गई, लेकिन गांजा से भरी वैन ने पुलिस की कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की कार में आग लग गई। आरोपी अपनी ईको वैन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके से 39.680 किलोग्राम गांजा बरामद किया था, जिसकी अनुमानित कीमत 19 लाख 84 हजार रुपए है।
दो आरोपी गिरफ्तार
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी टीम ने राकेश चौकसे (32), निवासी पनागर, नरसिंहपुर, मध्य प्रदेश, और वाहन मालिक मोनू राय (34), निवासी पिपरिया, होशंगाबाद, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया। राकेश ट्रक चालक है, जबकि मोनू राय पहले चाउमिन का ठेला चलाता था और पिछले डेढ़ साल से गांजा की पुड़िया बनाकर बेच रहा था।
SC/ST एक्ट-NDPS समेत कई धाराओं में दर्ज हुआ केस
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 25, 27 (आर्म्स एक्ट), 307, 341, 34, अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(vA), तथा 294, 323, 34, 506 और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(B) के तहत केस दर्ज किया गया है।