कोरबा जिले में उरगा पुलिस ने एक अवैध स्क्रैप यार्ड पर बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले में उरगा पुलिस ने एक अवैध स्क्रैप यार्ड पर बड़ी कार्रवाई की है। बरबसपुर बायपास रोड स्थित इस यार्ड से लगभग 30 लाख रुपए के 1200 टन वाहनों के पुर्जे और लोहे का सामान जब्त किया गया है। नगर निगम की टीम ने यार्ड को सील कर दिया है।

दरअसल, उरगा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बरबसपुर बायपास रोड पर एक स्क्रैप यार्ड में चोरी से संबंधित लोहे का सामान, हाइवा, ट्रेलर और ट्रक के पुर्जे अवैध रूप से संग्रहित किए गए हैं।सूचना के आधार पर थाना उरगा पुलिस और संबंधित विभागों की एक संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

जांच के दौरान, स्क्रैप यार्ड संचालक नूर आलम (33) वहां मौजूद मिला। जब उससे यार्ड में रखे सामान के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव में, पुलिस ने सामग्री को अवैध मानते हुए विधि अनुसार कार्रवाई की।

1200 टन वाहनों के पुर्जे, लोहे का सामान जब्त

मौके से ट्रेलर की मंडी, डाला बॉडी और अन्य लोहे का सामान, कुल लगभग 1200 टन, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए है, गवाहों के सामने जब्त किया गया। नगर निगम की टीम ने पंचनामा तैयार कर स्क्रैप यार्ड को सीलबंद कर दिया।

पुलिस बोली- जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बता दें कि कुछ दिन पहले भी अवैध कबाड़ तस्करों पर कार्रवाई करते हुए कबाड़ जब्त किया गया था और आरोपियों को जेल भेजा गया था।

Exit mobile version