बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला थाना रामचंद्रपुर में अपराध दर्ज किया गया था। रामचंद्रपुर के तहसीलदार अश्वनी चंद्रा ने 11 दिसंबर 2025 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

जानिए पूरा मामला

शिकायत के मुताबिक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के आदेश पर 9 दिसंबर 2025 को बालक छात्रावास रामचंद्रपुर की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई चल रही थी। इस दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी और अन्य राजस्व कर्मचारियों के साथ पुलिस बल भी मौके पर मौजूद था।

कार्रवाई के समय, अवैध कब्जाधारियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। उन्होंने लाठी-डंडों से हमला करने का भी प्रयास किया।

आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप

आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने करीब दो घंटे तक अधिकारियों को घेरकर रखा और सड़क जाम कर सरकारी काम में गंभीर बाधा उत्पन्न की। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे।

रामचंद्रपुर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 09 फरवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए सभी 15 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और आवश्यक साक्ष्य संकलन के बाद, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के परिजनों को सूचित किया गया। इसके बाद उन्हें माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।