सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में आरक्षक ने अपने क्वार्टर में फांसी लगा ली है। आरक्षक दो महीने से एमसीबी जिले में ड्यूटी पर था। सोमवार शाम ही वह ड्यूटी से लौटा था। रात करीब 10 बजे पत्नी ने शव को फंदे पर झूलता देखा। मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक अन्तोश खलखो (36) विश्रामपुर के चोपड़ा कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 783 में रहता था। दो महीने से उसकी ड्यूटी एमसीबी जिले में लगाई गई थी। 9 फरवरी को वह छुट्टी लेकर अपने घर विश्रामपुर लौटा था।
रात में फांसी पर झूलता मिला आरक्षक
विश्रामपुर लौटने के बाद वह अपने क्वार्टर में पहुंचा। शाम को वह अपने ससुराल चोपड़ा कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 788 में गया। वहां उसने खाना खाया। उसकी पत्नी आशा खेस भी मायके में थी। खाना खाने के बाद वह अपने क्वार्टर में लौट गया। रात करीब 10 बजे आशा खेस पति के लिए कुछ खाने का सामान लेकर उसके क्वार्टर में पहुंची, तो अन्सोश खलखो पंखे में फांसी पर झूलता मिला।
आशा खेस ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अन्तोश खलखो को फंदे से नीचे उतारा। उसे लेकर तत्काल वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डाक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। अन्तोश खलखो ने फांसी क्यों लगाई? इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले में परिवार के सदस्यों से जानकारी जुटा रही है। मंगलवार को उसके शव को पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।