जांजगीर-चांपा जिले के चांपा-बिर्रा मार्ग पर बुधवार को एक सड़क हादसे में बनडभरा निवासी तरुण बंजारे की मौत

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के चांपा-बिर्रा मार्ग पर बुधवार को एक सड़क हादसे में बनडभरा निवासी तरुण बंजारे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने बम्हनीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने शव रखकर चक्का जाम कर दिया। उन्होंने मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, लगभग 20-22 वर्षीय तरुण बंजारे अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन सड़क से उतरकर खेत में जा घुसा, जबकि तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बम्हनीडीह पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल तरुण को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तरुण की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और भीम आर्मी के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे और पिकअप चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हुआ।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मुआवजा मिलने के बाद चक्का जाम हुआ समाप्त

जिला प्रशासन की ओर से मृतक युवक के परिजनों को 25 हजार रुपए की सहायता राशि और पिकअप वाहन की मालिक की ओर से 1 लाख रुपए मुआवजा राशि प्रदान की गई है। लगभग 3 घंटे के बाद परिजनों ने चक्का जाम को समाप्त किया। मौके पर अधिकारी और पुलिस प्रशासन की टीम समझाइश दी गई।