मुंगेली जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लगातार धीमी प्रगति सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुंदन कुमार लगातार राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर रहे हैं और अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने के निर्देश दे रहे हैं।
इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) मुंगेली की ओर से राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान प्रकरणों के निराकरण में धीमी प्रगति, निर्वाचन कार्य में बिना अनुमति अनुपस्थिति तथा शासकीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
9 फरवरी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए थे स्पष्ट निर्देश
एसडीएम अजय शतरंज ने बताया कि 9 फरवरी को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में नक्शा बटांकन, अभिलेख दुरुस्ती, लंबित प्रकरणों के निराकरण, रबी कार्य और धान उठाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई थी।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों को लक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों की अनदेखी और हड़ताल में शामिल होने पर जारी हुआ नोटिस
निर्देशों का पालन न करने, हड़ताल में शामिल होने तथा कार्यों के प्रति उदासीनता बरतने के कारण राजस्व अधिकारियों एवं पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
तीन दिन में जवाब देने के निर्देश
संबंधित अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि समय-सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।