राजनांदगांव जिले की बसंतपुर थाना पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर बड़ी सफलता हासिल की

Chhattisgarh Crimesराजनांदगांव जिले की बसंतपुर थाना पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में पुलिस ने विभिन्न आवेदकों के 10 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइलों की कुल बाजार कीमत लगभग 1,50,000 रुपए आंकी गई है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के कुशल निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से इन मोबाइलों को ट्रैक किया और उन्हें बरामद करने में सफलता प्राप्त की।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की मोबाइल स्वामियों ने सराहना करते हुए राजनांदगांव पुलिस का आभार व्यक्त किया। यह अभियान लगातार जारी है; इससे पहले जनवरी 2026 में भी 1,70,000 रुपए मूल्य के 12 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए थे।

पुलिस की अपील- लावारिस मोबाइल का उपयोग न करें

इस अवसर पर अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी लावारिस या गुम मोबाइल मिलता है, तो उसका उपयोग बिल्कुल न करें। उसे तुरंत अपने नजदीकी थाने में जमा कराएं, ताकि वह उसके असली मालिक तक पहुंच सके। साथ ही, मोबाइल गुम होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि पोर्टल के माध्यम से उसे ब्लॉक या ट्रैक किया जा सके।

इस सफल कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (आईपीएस) का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। थाना प्रभारी एमन साहू, सीसीटीएनएस आरक्षक भवानी थनापति, आरक्षक भुनेश्वर जायसी सहित अन्य स्टाफ का भी इसमें विशेष योगदान रहा।