
घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार, SI उमेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल राजकुमार गौड़ और ड्राइवर हीरालाल नागर के रूप में हुई है। हादसे के बाद शव और घायल कार में फंसे रहे। जिन्हें क्रेन और कटर से कार की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, CRPF के जवान मुकेश कुमार, उमेंद्र सिंह, राजकुमार गौड़, अभिमान राय और ड्राइवर हीरालाल जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। जब वे धमतरी पहुंचे तो खपरी बाईपास पर उनकी गाड़ी सामने चल रही ट्रक के पीछे जा घुसी।
ट्रक के पीछे घुसते कार के एयरबैग खुल गए। वहीं, इस हादसे में 2 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन, कटर और सब्बल की मदद से शव और घायलों को बाहर निकाला।
इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। जहां ड्राइवर और एक जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि घायल अभिमान राय की हालत देखते हुए उसे प्राथमिक इलाज के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। जानकारी मिलते ही धमतरी CSP अभिषेक चतुर्वेदी, एडिशनल SP शैलेंद्र पांडेय और CRPF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एयरबैग खुले फिर भी नहीं बची जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार रायपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चकनाचूर हो गई। पूरी तरह पिचक गई और एयरबैग भी खुल गए।
फिलहाल, पुलिस शवों का पंचनामा कर मॉर्चुरी में रखवा दिया। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी जा रही है। वहीं, पुलिस भी आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है।