बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित न्यू बस स्टैंड इन दिनों गंदगी, अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों के कारण यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। यहां से रोजाना झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए बसें संचालित होती हैं, लेकिन बदहाल व्यवस्थाओं के चलते यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों का कहना है कि मजबूरी में कई लोगों को खुले में शौच करना पड़ता है या इधर-उधर भटकना पड़ता है। परिसर में संचालित अंग्रेजी शराब दुकान के कारण भी माहौल बिगड़ा हुआ है। यात्रियों ने बताया कि शराबियों के कारण बस स्टैंड में बैठना मुश्किल हो जाता है। परिसर में शराब की खाली बोतलें, प्लास्टिक की बोतलें और चखने के पैकेट बिखरे पड़े रहते हैं।
नशेड़ियों का जमावड़ा
स्थानीय लोगों के अनुसार, सूर्यास्त के बाद बस स्टैंड की छत पर नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। देर रात तक शराबखोरी होती रहती है और छत पर भी शराब की खाली बोतलें व सिगरेट के पैकेट फैले रहते हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
16.20 लाख की लागत से बना आकांक्षी शौचालय
बस स्टैंड के पीछे 16 लाख 20 हजार रुपए की लागत से आकांक्षी शौचालय का निर्माण कराया गया है। भवन बनकर विभाग को सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक इसका शुभारंभ नहीं हुआ है। लोगों का आरोप है कि फीता काटने के इंतजार में जनता को सुविधा से वंचित रखा जा रहा है।
CMO बोले- निर्माण पूरा, सिर्फ बिजली कनेक्शन बाकी
इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रणव राय ने बताया कि शौचालय निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। केवल विद्युत कनेक्शन का कार्य बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होते ही शौचालय को जल्द शुरू कर दिया जाएगा।