राजधानी रायपुर में गर्मी ठीक से शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन कई इलाकों में पेयजल संकट गहराने लगा

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर में गर्मी ठीक से शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन कई इलाकों में पेयजल संकट गहराने लगा है। लाल बहादुर शास्त्री वार्ड के शिव मंदिर क्षेत्र की गली नंबर 1 से 5 तक करीब 450 घरों में अमृत मिशन का पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

समस्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और जल बोर्ड के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर स्थिति का निरीक्षण कराया और जमीनी हकीकत से अवगत कराया।

नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, अहिल्याबाई होलकर चौक से बिछाई गई 4 इंच के पाइपलाइन के जरिए यादवपारा, धोबीपारा और अर्जुन चौक समेत करीब 900 घरों में पानी की आपूर्ति की जा रही है।

एक ही लाइन पर अधिक कनेक्शन होने के कारण पानी का दबाव कम हो गया है, जिससे शिव मंदिर क्षेत्र की गलियों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा।

‘वाल्व से नहीं सुलझेगी समस्या’

आकाश तिवारी ने बताया कि उन्होंने 22 जनवरी को ही स्पष्ट कर दिया था कि केवल वाल्व लगाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके बावजूद जल बोर्ड ने 3 से 5 लाख रुपए खर्च कर 10, 8 और 6 इंच के तीन वाल्व लगाए, लेकिन 20 दिन बाद भी हालात नहीं सुधरे।

जल बोर्ड के अधिकारियों ने अर्जुन चौक के पास दो दिन के लिए वाल्व लगाकर पानी के फोर्स की जांच करने की बात कही है।

नेता प्रतिपक्ष की मांग- नई पाइपलाइन बिछाई जाए

नेता प्रतिपक्ष ने सुझाव दिया कि पुरानी 4 इंच की पाइपलाइन को अर्जुन चौक तक सीमित किया जाए और अहिल्याबाई होलकर चौक से शिव मंदिर क्षेत्र की गली नंबर 1 से 5 तक नई 4 इंची पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि प्रभावित घरों को अमृत मिशन का नियमित पानी मिल सके।

आयुक्त का आश्वासन- जरूरत पड़ी तो नई पाइपलाइन डाली जाएगी

नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि यदि वाल्व लगाने के बाद भी पानी का फोर्स नहीं बढ़ता है तो नई 4 इंची पाइपलाइन डाली जाएगी।

स्थायी समाधान में देरी पर उठे सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि जब जमीनी स्थिति स्पष्ट है, तब भी स्थायी समाधान में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल यही है कि वार्ड के नागरिकों को उनके मूलभूत जल अधिकार से वंचित न होना पड़े।

गर्मी से पहले बढ़ी चिंता, अन्य वार्डों को लेकर भी सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि अभी एक वार्ड में यह स्थिति है तो आने वाली गर्मी में हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने चिंता जताई कि यदि एक वार्ड में समस्या है तो बाकी 69 वार्डों की स्थिति क्या होगी।

महापौर और परिषद पर लगाया औपचारिकता का आरोप

आकाश तिवारी ने महापौर और परिषद पर आरोप लगाया कि वे केवल बैठकें कर औपचारिकता निभा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।