रायपुर रेंज की साइबर टीम ने 13 राज्यों में वांटेड और साइबर ठगी करने वाले सिंडिकेट के 3 ठगों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर रेंज की साइबर टीम ने 13 राज्यों में वांटेड और साइबर ठगी करने वाले सिंडिकेट के 3 ठगों को गिरफ्तार किया है। वर्क-फ्रॉम-होम जॉब के नाम पर लाखों रुपए की ऑनलाइन ठगी कर चुके हैं। पुलिस ने उन्हें राजस्थान से पकड़कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान निवासी भवानी सिंह, उत्पल पंचारिया और महाराष्ट्र निवासी साहित संतोष बताए जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

दरअसल, राखी निवासी पारस कुमार धीवर और धरसीवां निवासी ललित साहू ने शिकायत की थी। पारस कुमार ने बताया कि, आरोपियों ने वर्क फ्रॉम होम नौकरी देने का झांसा देकर 24 लाख की ठगी कर ली।

इसी तरह से धरसीवां निवासी ललित साहू ने पुलिस को बताया कि, आरोपियों ने उससे 34 लाख की ठगी कर ली। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर रेंज की टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें हिरासत में लिया।

टेलीग्राम नेटवर्क से पीड़ितों को फंसाते थे आरोपी

पुलिस की जांच में सामने आया है कि, आरोपी टेलीग्राम चैनल की मदद से ठगी का जाल बिछाते थे। एक्स्ट्रा कमाई के चक्कर में लोग इनसे संपर्क करते थे, फिर ठगी का शिकार हो जाते थे। आरोपियों ने लोगों को घर बैठे ज्यादा कमाई का लालच देकर टास्क, रिव्यू और लाइक जॉब के नाम पर पैसे जमा करवाए और संपर्क तोड़ दिया।

ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम फ्राड कैसे पहचानें

  • टास्क/लाइक/रिव्यू जॉब: आसान काम के बदले मोटी कमाई का लालच
  • रजिस्ट्रेशन/सिक्योरिटी फीस: काम शुरू करने से पहले पैसे मांगना
  • फेक HR कॉल/मैसेज: WhatsApp या Telegram पर अनजान नंबर से ऑफर
  • फर्जी ऐप/लिंक: बाहर से APK डाउनलोड करवाना
  • बैंक/UPI की जानकारी मांगना: OTP, UPI Collect स्वीकार करवाकर पैसे निकलवाना

ठगी से बचने के उपाय

  • कोई फीस न दें– असली नौकरी पैसे नहीं मांगती।
  • कंपनी की जांच करें– वेबसाइट, ऑफिस एड्रेस, आधिकारिक ई-मेल देखें।
  • अनजान लिंक न खोलें– खासकर शॉर्ट लिंक/QR/OTP/UPI साझा न करें
  • ऐप सिर्फ आधिकारिक स्टोर से – जैसे Google Play Store/App Store से डाउनलोड करें
  • स्क्रीनशॉट/रिकॉर्ड सुरक्षित रखें– चैट, नंबर, ट्रांजैक्शन ID संभालकर रखें।

अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा

साइबर रेंज डीएसपी निशित अग्रवाल ने अपील की है कि, अंजान नंबर से मिलने वाले जॉब ऑफर, रजिस्ट्रेशन फीस की मांग, फर्जी ऐप डाउनलोड कराने और OTP या बैंक जानकारी साझा करने जैसे संकेत साइबर ठगी के हो सकते हैं। लालच या बहकावे में नहीं आए। संदिग्ध कॉल या लिंक मिलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।