
यूथ कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विभाग में लंबे समय से वेतन कटौती और वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आ रही थी। अब आग की घटना के बाद संदेह और भी गहरा हो गया है। संगठन का कहना है कि वे प्रशासन से सवाल करेंगे कि कर्मचारियों के वेतन में कटौती किसके आदेश पर की गई और कटे हुए पैसे का हिसाब कहां है।
क्या है पूरा मामला ?
बीते शनिवार देर रात आबकारी भवन की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई थी। इसी मंजिल पर आबकारी निगम का महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित होता है। आग लगने से विभाग की कई अहम फाइलें और दस्तावेज जलने की सूचना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार जिस सेक्शन में आग लगी, वहीं सोमवार से निगम के आय-व्यय से जुड़ा ऑडिट प्रस्तावित था। शनिवार को पूरे दिन ऑडिट की तैयारियों के चलते अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही बनी रही, लेकिन रात में कार्यालय बंद होने के कुछ समय बाद ही आग भड़क उठी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत ऑडिट से जुड़े कक्ष से हुई। दमकल विभाग के पहुंचने तक रिकॉर्ड रूम को भारी नुकसान हो चुका था और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच कर रही है।
यूथ कांग्रेस की मांग
इस घटना के विरोध में यूथ कांग्रेस आज प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करेगी। संगठन का कहना है कि आग की घटना के पीछे किसी साजिश की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।