छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सरकारी स्कूल में तीसरी क्लास के छात्र की पिटाई का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सरकारी स्कूल में तीसरी क्लास के छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि भानपुरी गांव के ही एक सनकी व्यक्ति ने प्राथमिक शाला परिसर में बच्चे की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। वह दीवार फांदकर अंदर घुसा था। बच्चे के चेहरे, पैर और पीठ पर गंभीर चोट पहुंची है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। परिजनों ने सनकी आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बच्चे के पिता ने बताया कि मारपीट से बच्चा सहम गया था। गले से उसकी आवाज नहीं निकल रही थी। इस घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं

बच्चे के पिता चेतन निर्मलकर ने बताया कि जब वे काम से लौटकर खाना खाने पहुंचे, तब उन्हें सूचना मिली कि उनके बच्चे को गांव के एक व्यक्ति ने पीटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डोमार ध्रुव नामक हमलावर व्यक्ति ने शासकीय स्कूल में दीवार कूदकर प्रवेश किया और उनके बेटे को पीटा। निर्मलकर के अनुसार, हमलावर की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।

परिजन बच्चे को हॉस्पिटल लेकर गए

यह घटना जिले के शासकीय स्कूल के अंदर दोपहर के भोजन के समय हुई, जब बच्चा खाना खाने के बाद बाथरूम गया था। पिता ने बताया कि उनके बेटे को डंडे से पीटा गया, जिससे उसे गाल, पीठ और पैर में चोटें आई हैं। घटना के बाद बच्चा इतना डरा हुआ था कि वह कुछ बोल नहीं पा रहा था। अस्पताल से आने के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

चेतन निर्मलकर ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनां न हों। इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version