रायपुर पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesरायपुर पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली पुलिस ने 2019 के पुराने मामले में कोर्ट से जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट की तामिली कर उसे शनिवार को पकड़ा और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। हालांकि, सोमवार को जमानत मिल गई। रोहित तोमर के खिलाफ पहले से ही कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित तोमर लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 327, 384 और 506 सहित कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में जान से मारने की धमकी, मारपीट, जबरन वसूली और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

कोर्ट से जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर कोतवाली पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।

मारपीट के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई है रोक

तेलीबांधा थाना में दर्ज रोहित तोमर के खिलाफ मारपीट के केस में उसकी गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है। इस केस में आरोपी 6 महीने से ज्यादा की फरारी काटने के बाद कोर्ट से आदेश लेकर रायपुर पहुंचा तो पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया। लेकिन कोतवाली में दर्ज केस में आरोपी फरार था। शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया, सोमवार को जमानत मिल गई।

पहले भी मारपीट के मामले में जा चुका है जेल

हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर पर पुलिस कार्रवाई का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी आधा दर्जन बार से ज्याद बार पुलिस आरोपी पर कार्रवाई कर चुकी है। इससे पहले भी हाईपर क्लब गोलीकांड मामले में पुलिस ने आरोपी का पैदल जुलूस निकालकर जेल भेजा था। इस घटना के बाद भी आरोपी 2025 में मारपीट की और छह महीने तक पुलिस से फरारी काटी थी।