रायगढ़ में पुलिस ने फिनाइल फैक्ट्री के एक कमरे से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ में पुलिस ने फिनाइल फैक्ट्री के एक कमरे से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कैश और मोबाइल समेत करीब 82 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस को टी-20 क्रिकेट शुरू होने के बाद लगातार ऑनलाइन सट्टा चलने की शिकायतें मिल रही थीं। निगरानी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में इंग्लैंड-इटली मैच पर सट्टा खिलाया जा रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना और साइबर टीम ने संयुक्त दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने विकास अग्रवाल (38) निवासी हिमालया हाईट्स और विनय अग्रवाल (49) निवासी सांगीतराई को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। दोनों फैक्ट्री के अलग कमरे में बैठकर तीन मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा खाईवाली करना कबूल किया। गगन फिलहाल फरार है।

मोबाइल और नकदी जब्त

पुलिस ने आरोपियों से वनप्लस, आईफोन, ओप्पो मोबाइल, 2 हजार कैश और ऑनलाइन सट्टा से जुड़ा डाटा जब्त किया। कुल जब्ती करीब ₹82,000 आंकी गई।

SSP बोले- किसी को नहीं बख्शेंगे

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, ऑनलाइन सट्टा और जुए के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा। फरार आरोपी की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्रिकेट सीजन में सट्टा कारोबार पर विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।