रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में एक युवक को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया गया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में एक युवक को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह वारदात उस समय हुई जब वो मामा के घर से खाना खाकर लौट रहा था।

जानकारी के मुताबिक, घटना 16-17 फरवरी की देर रात की है। मंगलवार सुबह मौहापाली के भांटापारा मोहल्ले में युवक अधजली हालत में मिला। उसकी पहचान चपले निवासी नंदू पटेल उर्फ शिव प्रसाद पटेल के रूप में हुई।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रायगढ़ रेफर किया, जहां मंगलवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई

दो युवकों पर हमले की आशंका

घटना के बाद पुलिस ने गांव की गली में लगे CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में मृतक को आखिरी बार गांव के दो युवक रोकते दिख रहे हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि, मारपीट के बाद उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई गई। परिवार ने गांव के दो युवकों पर शक जताया है। आरोप लगाया है कि वे अक्सर रात में लोगों को रोकते थे।

मामा के घर से खाना खाकर निकला था

मृतक के मामा शत्रुघन पटेल के अनुसार, शिव प्रसाद सोमवार शाम बैंक के काम से मौहापाली आया था। बैंक से पैसा नहीं निकलने पर वह मामा के घर गया, जहां खाना खाने के बाद रात करीब 10:30 से 11 बजे बाइक से अपने गांव लौट रहा था।

इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उसे रोका। सुबह ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में देखा और सूचना दी। बताया गया कि युवक करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुका था।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

इस मामले में खरसिया SDOP प्रभात पटेल ने बताया कि, युवक अधजली हालत में मिला था। इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। पुलिस CCTV फुटेज सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही गई है।

Exit mobile version