राजधानी में जमीन बिक्री के बाद एक बुजुर्ग से 10 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने पहले जमीन बिकवाने में मदद कर भरोसा जीता, फिर जीएसटी ज्यादा लगने का झांसा देकर बैंक खाता बदलवाया। नए खाते का एटीएम अपने पास रखकर धीरे-धीरे पूरे पैसे निकाल लिए।
पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग शिवराम साहू को अपनी जमीन बेचनी थी। इस बीच उसे एक दलाल राजकुमार साहू मिला। उसने शिवराम की जमीन बिकवाई। सौदे की रकम 10 लाख रुपए थी। शिवराम का खाता पहले एचडीएफसी बैंक में था।
लेकिन आरोपी ने कहा कि, अगर राशि उसी खाते में डाली गई तो ज्यादा जीएसटी कटेगा। आरोपी ने सलाह दी कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में नया खाता खुलवा लिया जाए, जिससे टैक्स कम लगेगा।
नया खाता, एटीएम भी ले लिया
आरोपी की बातों में आकर बुजुर्ग ने एसबीआई में नया खाता खुलवा लिया। जमीन बिक्री की पूरी रकम 10 लाख रुपए इसी खाते में डलवा दी गई। इसी दौरान आरोपी ने एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया और जरूरत पड़ने पर पैसे निकालने की बात कही।
कुछ ही दिनों में आरोपी ने एटीएम के जरिए किस्तों में पूरी राशि निकाल ली। जब बुजुर्ग को पैसों की जरूरत पड़ी और खाते की जानकारी ली गई तो खाते में शून्य बैलेंस मिला। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।