केंद्र सरकार की तरफ से मनरेगा का नाम बदलने और एक्ट बनाने के विरोध में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और कांग्रेस ने आज बिलासपुर में प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesकेंद्र सरकार की तरफ से मनरेगा का नाम बदलने और एक्ट बनाने के विरोध में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और कांग्रेस ने आज बिलासपुर में प्रदर्शन किया। मनरेगा बचाव संग्राम नाम से नेहरू चौक पर सभा की, फिर शक्ति प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव निकल गए। जिन्हें पुलिस ने स्टेट बैंक ब्रांच के पास सड़क पर बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की।

लेकिन पुलिस की घेराबंदी भेदकर कांग्रेसी आगे बढ़ गए हैं। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प और झूमझटकी हुई। हालांकि, कलेक्ट्रेट घेरने में कांग्रेसी नाकाम रहे। जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कहा कि, मांगे पूरी नहीं होगी तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार गांधी नाम से डरती है।

गांधी नाम से डरती है सरकार- विजय

पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि, बीजेपी सरकार गांधी के नाम से डरती है। चाहे वह महात्मा गांधी हों, राजीव गांधी हों, इंदिरा गांधी हों या राहुल गांधी हों। उन्हें रोकने की कोशिश हुई। जब जब इस देश में बीजेपी गांधी को रोकने की कोशिश करेगी, तब तक नाथूराम गोडसे की विचारधारा नहीं चलने वाली है।

केंद्र सरकार मनरेगा योजना को कमजोर कर रही

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि, केंद्र सरकार मनरेगा योजना को कमजोर कर रही है। उसकी जगह नया काला कानून लागू किया गया है। इस फैसले से ग्रामीण मजदूरों को सीधा नुकसान हो रहा है। नेताओं ने मांग की कि कथित काला कानून को तत्काल हटाया जाए। देश में पहले की तरह मनरेगा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि, मनरेगा ग्रामीण परिवारों की आजीविका का बड़ा सहारा है। यदि यह व्यवस्था कमजोर होती है, तो मजदूरों को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है। इससे छोटे-छोटे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है और बेरोजगारी की समस्या बढ़ती है।

प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, वे गरीब और मजदूर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ते रहेंगे। कार्यक्रम में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली।

कांग्रेस ने शांति पूर्ण प्रदर्शन किया- अपर कलेक्टर

वहीं, बिलासपुर अपर कलेक्टर शिव बनर्जी का कहना है कि, प्रदर्शन के दौरान कोई भी ऐसी स्थिति नहीं बनी है, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़े। कांग्रेस ने शांति पूर्ण प्रदर्शन किया। आगे की परिस्थिति के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।

प्रदर्शन के बाद ट्रैफिक जाम की स्थिति

इसके अलावा, प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता एक साथ अपने-अपने घरों की ओर निकलने लगे। जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। इस प्रदर्शन में 2000 से अधिक लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया गया।