
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह ग्राम बेहरपाली और जामगांव के बीच ग्रामीणों का आना-जाना चल रहा था। तभी उन्होंने झाड़ियों के पास एक युवक की लाश देखी, जो कपड़ों से ढकी हुई थी।
कुछ ही देर में इस बात की खबर पूरे इलाके में फैल गई। जब ग्रामीणों की भीड़ जमा हुई, तो मृतक की पहचान बेहरपाली निवासी 40 वर्षीय सत्यानंद प्रधान के रूप में हुई। सत्यानंद गांव में छोलाछाप डॉक्टर का काम करता था। इसके बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सिर पर चोट के निशान हैं
बताया जा रहा है कि युवक बुधवार की शाम अपने बाइक से घर से निकला था, लेकिन घर वापस नहीं लौटा। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामले की सूचना मिलने के बाद चक्रधर नगर पुलिस, साइबर और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और हर पहलू से जांच शुरू कर दी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।