छत्तीसगढ़ में 2 अलग-अलग सड़क हादसों में 3 लोगों की मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में 2 अलग-अलग सड़क हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई। सरगुजा में 12वीं बोर्ड एग्जाम देने जा रहे 2 दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रही बाइक से टकरा गई। हादसे में पीछे बैठा छात्र 12 फीट तक ऊपर उछल कर नीचे गिरा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरा युवक गंभीर है। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है 9 बजे एग्जाम सेंटर पहुंचना था। जहां घटना हुई वहां से सेंटर 5 किलोमीटर दूर था। छात्र पहले ही लेट हो चुके थे। इसलिए बाइक स्पीड में चला रहे थे। एग्जाम सेंटर पहुंचने से ठीक 10 मिनट पहले एक्सीडेंट हो गया।

दूसरा मामला महासमूंद जिले का है। जहां गुरुवार रात बाइक सवार 2 लोग खड़े ट्रैक्टर से टकराकर नीचे गिर गए। पीछे से आ रही तेज रफ्तार हैवी गाड़ी ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया। घटना के बाद शव के सिर से लोथड़े बाहर आ गए थे। जिसे पुलिस टीम पॉलीथिन में भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए ले गई। मामला बसना थाना क्षेत्र का है।

केस 1 – सरगुजा में 12वीं के छात्र की गई जान

पहली घटना सरगुजा के बतौली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शांतिपारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाले झेराडीह के रहने वाला अनिकेश तिवारी (18) और बैलकोटा के रहने वाले निष्क केरकेट्टा (18) बाइक से बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे।

सुबह करीब पौने 9 बजे वे कुनकुरी के पास पहुंचे तो सड़क निर्माण के लिए किनारे डाली गई गिट्टी पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार में चल रही बाइक सामने जा रहे एक अन्य बाइक सवार से टकराई और उछलते हुए एक कार के ऊपर से निकलकर सड़क पर जा गिरी।

हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांतिपारा पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान निष्क एक्का की मौत हो गई। अनिकेश तिवारी को नाजुक हालत में अंबिकापुर रेफर किया गया है। उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

पहली बार बाइक पर गया था

हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बाइक अनिकेश तिवारी की थी। वह बाइक लेकर बैलकोटा पहुंचा और निष्क को बैठाकर स्कूल के लिए निकला था। परिजनों ने बताया कि निष्क पहली बार अनिकेश के साथ बाइक से गया था। इससे पहले वह बस से ही शांतिपारा स्कूल आता-जाता था।

परीक्षा के पहले दिन ही मातम

आज से 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुई हैं। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक केंद्र में पहुंचने के निर्देश थे। देर हो रही थी, इसलिए बाइक तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल, पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

केस 2 – महासमुंद में अज्ञात वाहन ने कुचला

दूसरी घटना महासमुंद के बसना थाना क्षेत्र की है। दरअसल, गुरुवार (19 फरवरी) शाम ग्राम गौरटेक के रहने वाला परमानंद भोई (60) अपने रिश्तेदार उपेश नाग (34) के साथ लिमगांव से घरेलू काम निपटाकर वापस घर लौट रहा था। उपेश नाग बाइक (CG 04 HV 3929) चला रहा था।

शाम करीब 7 बजे वे नेशनल हाईवे 53 पर छुईपाली टोल प्लाजा के आगे तिवारी ढाबा के पास पहुंचे। सड़क पर बिना नंबर और संकेतक के एक ट्रैक्टर खड़ा था, जिसका ड्राइर मौके पर मौजूद नहीं था। बाइक चला रहे उपेश नाग को ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक सीधे उससे टकरा गई।

शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हुए

टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन इतनी तेज रफ्तार थी कि कुचले जाने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।