सूरजपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 65 लाख रुपए मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट किया है। यह कार्रवाई पुलिस लाइन परिसर में एक अस्थायी भट्ठे में की गई, जिसकी देखरेख डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर ने की।
जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में एनडीपीएस एक्ट के 20 प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें 101.74 किलोग्राम गांजा, 753 गांजा के पौधे, 103 टैबलेट, 778 इंजेक्शन, 98 कफ सिरप और 5920 कैप्सूल शामिल थे। इन सभी की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए आंकी गई है।
डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि, यह कार्रवाई केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की 23 दिसंबर 2022 की अधिसूचना और छत्तीसगढ़ शासन के 21 नवंबर 2024 के निर्देशों के अनुसार की गई।
नष्टीकरण की प्रक्रिया उनकी अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, जिला आबकारी अधिकारी अनिल मित्तल, क्षेत्रीय अधिकारी पर्यावरण संरक्षण मंडल के पंचान और वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सूरजपुर पुलिस ने युवाओं और नागरिकों को नशे से बचाने के लिए भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी पर निरंतर सख्त कार्रवाई करने का संकल्प लिया है। इस दौरान रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, निरीक्षक जावेद मियादांद, प्रधान आरक्षक आशाराम लकड़ा, आरक्षक सोहेल राजा और उदय सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।