छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल-बचेली मार्ग पर एक युवक चलती स्कूटी पर लेट गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल-बचेली मार्ग पर एक युवक चलती स्कूटी पर लेट गया। हैंडल पर पैर रखकर खतरनाक स्टंटबाजी की। इस दौरान पैर से ही हैंडल को संभालते हुए युवक स्पीड में गाड़ी चलाता रहा। राहगीरों ने इसका वीडियो बनाया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

मामला बचेली थाना क्षेत्र का है। वीडियो हाल फिलहाल का ही बताया जा रहा है। वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक की गाड़ी का 5 हजार का चालान काटा और जेल भेज दिया है। साथ ही अन्य युवकों को ऐसा स्टंट ना करने की समझाइश दी है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, वीडियो में स्कूटी (CG-18N-8959) पर स्टंट करने वाले युवक की पहचान रमन चलान (27) के रूप में हुई है। रमन ओडिशा के जिला कालाहांडी थाना कोकसरा पता खपरमाल का रहने वाला है। फिलहाल वह वार्ड नंबर 9, लेबर हाटमेंट कॉलोनी, बचेली में रहता है।

राहगीरों ने बनाया वीडियो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क के बीच लापरवाही से स्टंट कर रहा था। तभी एक राहगीर ने इसका वीडियो बना लिया। यह वीडियो जल्दी ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और वाहन नंबर से चालक की पहचान की और कार्रवाई करते हुए जेल भेजा।