बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में पागल कुत्तों ने तीन अलग-अलग गांवों में पांच लोगों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह काट लिया। सभी घायलों को पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सीएचसी पलारी के डॉ. बीएस ध्रुव ने बताया कि कुत्तों ने मरीजों को गंभीर रूप से घायल किया है। उन्होंने यह भी बताया कि सभी घायल उम्रदराज हैं, जिन्हें विशेष देखभाल की आवश्यकता है। घायलों के शरीर पर गहरे जख्म हैं, जिन पर टांके लगाने पड़े हैं।
डॉ. ध्रुव के अनुसार, शंकर लाल वर्मा को 15, रजनी चंद्राकर को 15 और रेखा रात्रे को 20 टांके लगाए गए हैं। पवन बंजारे (63, बिनौरी) और एक अन्य पीड़ित का भी इलाज चल रहा है, उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान बुजुर्गों पर हमला
पहली घटना वटगन गांव में हुई। यहां सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय शंकर लाल वर्मा पर कुत्ते ने हमला कर उनके पैर को बुरी तरह काट लिया। इसके तुरंत बाद, उसी पागल कुत्ते ने 70 वर्षीय रजनी चंद्राकर पर भी हमला किया, जिससे उनके हाथ और पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
नवागांव में महिला पर कुत्ते का हमला
दूसरी घटना ग्राम नवागांव की है। यहां रेखा रात्रे घर से गोबर थापने जा रही थीं, तभी गली में एक कुत्ते ने उनके पैर पर हमला कर दिया। इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पागल कुत्तों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।