
पैसे वापस नहीं मिलने पर पीड़िता ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता की शिकायत पर ठगों के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अब पढ़िए क्या है पूरा मामला
पीड़िता भारती माधवानी ने पुलिस को बताया कि, 13 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संपर्क किया गया। आरोपी ने घर बैठे जॉब दिलाने का दावा किया और ज्यादा कमाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद टेलीग्राम एप्लीकेशन डाउनलोड कराकर एक लिंक भेजा गया, जहां कुछ ऑनलाइन टास्क पूरे करने को कहा गया।
शुरुआत में छोटे टास्क पूरे कराने के बाद आरोपी ने भरोसा जीत लिया। फिर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर बड़ी रकम निवेश करने को कहा। 13 जनवरी दोपहर से 14 जनवरी रात 8:30 बजे के बीच आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 74,999 रुपए अपने बताए खाते में ट्रांसफर करा लिए।
जब पीड़िता ने मुनाफा और मूल रकम वापस मांगी तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में संपर्क बंद कर दिया। खुद को ठगा महसूस होने पर महिला ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि, पीड़िता की शिकायत पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने मामले में ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम फ्राड कैसे पहचानें
- टास्क/लाइक/रिव्यू जॉब: आसान काम के बदले मोटी कमाई का लालच
- रजिस्ट्रेशन/सिक्योरिटी फीस: काम शुरू करने से पहले पैसे मांगना
- फेक HR कॉल/मैसेज: WhatsApp या Telegram पर अनजान नंबर से ऑफर
- फर्जी ऐप/लिंक: बाहर से APK डाउनलोड करवाना
- बैंक/UPI की जानकारी मांगना: OTP, UPI Collect स्वीकार करवाकर पैसे निकलवाना
ठगी से बचने के उपाय
- कोई फीस न दें– असली नौकरी पैसे नहीं मांगती।
- कंपनी की जांच करें– वेबसाइट, ऑफिस एड्रेस, आधिकारिक ई-मेल देखें।
- अनजान लिंक न खोलें– खासकर शॉर्ट लिंक/QR/OTP/UPI साझा न करें
- ऐप सिर्फ आधिकारिक स्टोर से – जैसे Google Play Store/App Store से डाउनलोड करें
- स्क्रीनशॉट/रिकॉर्ड सुरक्षित रखें– चैट, नंबर, ट्रांजैक्शन ID संभालकर रखें।