
रविवार को संडे बाजार को व्यवस्थित करने निगम की टीम प्रहरी और पुलिस सुबह 7 बजे सड़क पर उतर गई। टीम ने सड़क पर लगे 20 ठेले व 10 टेबल सहित सामान जब्त किया गया। टीम की कार्रवाई का असर यह रहा कि बाजार तेजी से सिमट गया।
पहले संडे बाजार के दौरान मौदहापारा मुख्य मार्ग पर सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक जाम की स्थिति रहती थी, लेकिन इस रविवार सुबह 11 बजे तक बाजार पूरी तरह खाली हो गया। अस्थाई मार्केट के चलते सड़कों में जाम ना लगे, इसके लिए निगम ने कई नियम बनाए हैं, जो अगले रविवार से लागू होगा। दरअसल, 18 फरवरी को निगम के एमआईसी मेंबर मनोज वर्मा की अध्यक्षता में संडे मार्केट को व्यवस्थित रखने बैठक हुई थी।
15 साल में जयस्तंभ चौक से लेकर फाफाडीह चौक तक बढ़ गया मार्केट शुरुआती दिनों में मौदहापारा मस्जिद के पास की ही सड़कों पर रविवार को दुकानें लगती थी। समय के साथ यह बाजार फैलता चला गया। मौदहापारा के केके रोड से एमजी रोड, थाने के पीछे गली, सुंदरानी गली, गुजराती स्कूल मार्ग, जयस्तंभ चौक स्थित एसबीआई बैंक और फाफाडीह चौक के पहले तक यह बाजार फैल गया।
इससे रविवार सुबह 5 से लेकर शाम 5 बजे तक इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानी होती थी। कई बार रंगदारी और दुकानों को लेकर विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई है। सड़क में सुगम यातायात बना रहे और बाजार भी व्यवस्थित रहे, इसलिए निगम ने संडे बाजार को लेकर कुछ नियम बनाए हैं, जिसे लागू कर दिया गया है। इसी के तहत रविवार को निगम की टीम सड़क पर उतरी और कार्रवाई की गई।
जानिए अब इन नियमों के तहत लगेगा संडे मार्केट-
मौदहापारा मस्जिद से लेकर थाने तक सड़क के दोनों ओर ही दुकानें लगेंगी। हर फेरीवाला सिर्फ 2 टेबल में ही अपना समान लगाकर बिक्री करेगा। यहां दुकानें सिर्फ सुबह 10 बजे तक ही लगेंगी, जिसके बाद समेटना होगा। मौदहापारा और रायपुर के लोकल फेरीवालों को ही यहां दुकान लगाने की अनुमति। लोकल आधार कार्ड से वेरिफिकेशन कर निगम देगा परिचय पत्र, ताकि दुकानदारों का रहे डेटा बेस। बाहर के शहरों से आकर दुकान लगाने वालों पर सख्ती। स्थायी दुकानदारों द्वारा सड़क पर दुकान लगाने पर सख्त कार्रवाई।