छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की 30 वर्षीय ब्यूटीशियन ने भोपाल में तीन लोगों के खिलाफ रेप और एक महिला पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने की एफआईआर कराई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की 30 वर्षीय ब्यूटीशियन ने भोपाल में तीन लोगों के खिलाफ रेप और एक महिला पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने की एफआईआर कराई है। आरोपी फरार हैं।

पीड़िता रविवार रात अपने मामा के साथ बागसेवनिया थाने पहुंची थी। ब्यूटीशियन ने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर 2024 को शाहपुरा स्थित एक होटल में दोस्त की बर्थडे पार्टी में उसकी मुलाकात एक युवती से हुई।

बाद में दोनों साथ रहने लगीं। जनवरी 2025 में वे बागसेवनिया में रहने वाली अमरीन उर्फ माहिरा के पास शिफ्ट हो गईं। कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि उसकी सहेली ने अमरीन के कहने पर धर्म परिवर्तन कर उसके भाई से शादी कर ली है।

अलग-अलग समय पर कई बार रेप

पीड़िता का आरोप है कि अगस्त 2025 में अमरीन का करीबी चंदन यादव बहन से मिलाने के बहाने ले गया। धमका कर रेप किया। बदनाम करने की धमकी देकर चुप करा दिया। इसके बाद अलग-अलग समय पर कई बार रेप किया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे छोटे कपड़े पहनाकर शहर के पब-लाउंज में ले जाया जाता था। अनजान लोगों से मेल-जोल का दबाव बनाया जाता था। इसी दौरान उस पर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव डाला गया।

चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया

नवंबर 2025 में अमरीन उसे गांधी नगर स्थित अब्बास नगर में अपने परिजनों से मिलाने ले गई। आरोप है कि वहां अमरीन के भाई बिलाल ने चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया।

अहमदाबाद में भी दुष्कर्म किया

दिसंबर 2025 में अमरीन पीड़िता को निजी काम का हवाला देकर अहमदाबाद ले गई। वहां यासिर नामक युवक से मिलवाया। पीड़िता का आरोप है कि वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। जनवरी 2026 में वह भोपाल छोड़कर छत्तीसगढ़ अपने मामा के घर चली गई।

दूसरी पीड़िता से संपर्क के बाद शिकायत

हाल ही में सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान एक अन्य युवती ने भी अमरीन और उसके साथियों पर इसी तरह के आरोप लगाए। इसके बाद पीड़िता भोपाल आई और बागसेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई।